क्रिकेट विश्व कप, एक दिवसीय क्रिकेट की एक अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता है। इसका आयोजन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा प्रत्येक चार वर्ष में एक बार किया जाता है। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग अलग प्रतियोगिताएं होती हैं।
2019 तक कुल 20 टीमें विभिन्न विश्व कप में भाग ले चुकी हैं : ऑस्ट्रेलिया, भारत, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, केन्या, जिंबाबे, बांग्लादेश, आयरलैंड, नीदरलैंड, कनाडा, स्कॉटलैंड, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, नामीबिया, बरमुडा और पूर्वी अफ्रीका। इनमें से केवल 07 टीमों ने विश्व कप के हर संस्करण में भाग लिया है : ऑस्ट्रेलिया, भारत, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और न्यूजीलैंड।
इतिहास
पहला विश्व कप, पहले एकदिवसीय क्रिकेट मैच के 04 वर्ष बाद 1975 में इंग्लैंड में खेला गया था। पहले विश्व कप में आठ टीमों ने भाग लिया था : ऑस्ट्रेलिया, भारत, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, वेस्ट इंडीज, श्रीलंका और पूर्वी अफ्रीका। इस समय क्रिकेट में एक पारी में 60 ओवर तथा एक ओवर में 6 गेंद होती थी। सभी टीम सफेद वर्दी में लाल गेंद से खेलती थी। पहला विश्व कप वेस्टइंडीज द्वारा जीता गया था।
1979 के विश्व कप में जिंबाबे ने भाग लिया था। यह विश्व कप भी वेस्टइंडीज ने जीता था।
1983 के विश्व कप में मैदान में 30 यार्ड का घेरा बनाया गया जिसमें 04 खिलाड़ियों का रहना आवश्यक था। वेस्टइंडीज लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुँची थी परंतु इस बार उसे भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
1987 का विश्व कप पहली बार इंग्लैंड के बाहर भारत और पाकिस्तान में आयोजित हुआ था। चूँकि एशिया में यूरोप की तुलना में दिन छोटे होते हैं, पारी 60 ओवर की अपेक्षा 50 ओवर की कर दी गई थी। इंग्लैंड को हराकर ऑस्ट्रेलिया ने ये विश्व कप जीता था।
1992 के विश्व कप में कई बदलाव हुए जैसे खेल की वर्दी रंगीन हो गई, मैच सफेद गेंद से खेला जाने लगा, रात के समय में मैच होने लगे। इसके साथ ही अन्य कई नियमों में भी बदलाव हुआ। ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में दक्षिण अफ्रीका ने पहली बार भाग लिया। इंग्लैंड को हराकर पाकिस्तान विजेता बना।
1996 का विश्व कप दूसरी बार भारत और पाकिस्तान में आयोजित हुआ था जबकि श्रीलंका में पहली बार। यह विश्व कप काफी विवादस्पद रहा था। कोलंबो (श्रीलंका) के केन्द्रीय बैंक में धमाकों के बाद ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने श्रीलंका में खेलने से मना कर दिया। आई.सी.सी. के कहने के बाद भी ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज, श्रीलंका में नहीं खेले जिसकी वजह से वहाँ होने वाले दोनों मुकाबलों में श्रीलंका को विजेता घोषित कर दिया गया और श्रीलंका की क्वार्टर फाइनल की राहें आसान हो गई। ईडन गार्डन में भारत के विरुद्ध सेमीफाइनल मुकाबले में जीत की तरफ बढ़ रही श्रीलंका को भी विजेता घोषित कर दिया गया था क्योंकि भारत के खराब प्रदर्शन के कारण दर्शकों ने मैदान में हंगामा खड़ा कर दिया था। मैच के रेफरी ने श्रीलंका को विजेता घोषित कर दिया। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर श्रीलंका विजेता बना।
1999, 2003 और 2007 के विश्व कप जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने कीर्तिमान स्थापित किए थे। ऑस्ट्रेलिया ने इस दौरान लगातार 03 विश्व कप और 27 मैच जीते थे।
2011 से 2019 तक के विश्वकप मेजबान द्वारा जीते गए थे। 2011 में भारत, 2015 में ऑस्ट्रेलिया और 2019 में इंग्लैंड ने विजय प्राप्त की।
एक दृष्टि -
अब तक कुल टीमों ने भाग लिया : 20
सभी विश्व कप खेलने वाली टीमें : 07
लगातार दो विश्व कप जीतने वाली पहली टीम : वेस्टइंडीज (1975,1979)
लगातार तीन विश्व कप जीतने वाली पहली टीम : ऑस्ट्रेलिया (1999, 2003, 2007)
सर्वाधिक विश्व कप जीतने वाली टीम : ऑस्ट्रेलिया (05)
विश्व कप जीतने वाली पहली मेजबान टीम : श्रीलंका (1996 में)
अपने देश में फाइनल जीतने वाली पहली मेजबान टीम : भारत (2011 में)
(विश्वकप जीतने वाली टीम)


0 Comments